
आज दिनांक 14.3.26 को अवादा फाउंडेशन एवं श्री सतगुरु सेवा संघ के संयुक्त सहयोग से सोनभद्र के ग्रामीण क्षेत्रों में दो दिवसीय निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। ग्रामीण अंचलों में बढ़ती नेत्र संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया, ताकि जरूरतमंद लोगों को उनके निवास के समीप ही विशेषज्ञ परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत 13 मार्च 2026 को ग्राम बसुहारी तथा 14 मार्च 2026 को ग्राम खोड़ेला में शिविर आयोजित किए गए। शिविर में अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों द्वारा ग्रामीणों की आँखों की विस्तृत जाँच की गई तथा आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क वितरित की गईं। साथ ही दृष्टि दोष से पीड़ित मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए।
शिविर के दौरान कुल 260 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया, जिनमें से 108 लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए तथा 54 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चिन्हित किया गया। इसके अतिरिक्त 65 मरीजों को आई ड्रॉप्स प्रदान की गईं, 28 मरीजों ने मोतियाबिंद सर्जरी के लिए सहमति दी, 1 मरीज को रेटिना जाँच हेतु रेफर किया गया, जबकि 4 लाभार्थियों ने पेड ग्लास प्राप्त किए।
इस मानवीय पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र रोगों की समय पर पहचान करना, जनमानस में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष भी फाउंडेशन द्वारा नेत्र शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें कई ग्रामीणों की सफल सर्जरी कराई गई थी।
अवादा फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती ऋतू पटवारी ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि नेत्र स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएँ ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर समय पर पहचान नहीं हो पातीं, जिसके कारण कई लोग उपचार से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में इस प्रकार के निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अवादा फाउंडेशन भविष्य में भी इसी प्रकार के स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समय पर उपचार और बेहतर जीवन की सुविधा मिल सके।
अवादा फाउंडेशन पिछले दो वर्षों से सोनभद्र जिले के ग्रामीणों के सतत विकास एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा किए जा रहे प्रमुख सेवा कार्यों में 50 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट वितरण,150 विद्यार्थियों को साइकिल वितरण, विद्यालयों का जीर्णोद्धार तथा निःशुल्क कोचिंग एवं कंप्यूटर सेंटर का संचालन शामिल है।