उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को किया गया पुरस्कृत।

अभिभावकों जनप्रतिनिधियों तथा जन समुदाय को बेसिक शिक्षा परिषद में हो रहे बदलावों विभिन्न आधुनिकीकरण ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत किए गए कार्यों ऑनलाइन माध्यम से चल रहे कक्षाओं विभिन्न ऐप की सहायता से बच्चों के शैक्षिक उन्नयन हेतु किए गए प्रयासों इत्यादि से परिचित कराने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश के अनुरूप सभी न्याय पंचायत स्तर पर शिक्षा चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में चोलापुर ब्लाक के चोलापुर न्याय पंचायत में पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवानंदपुर पर शिक्षा चौपाल का भव्य आयोजन नोडल शिक्षक संकुल पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया।
नोडल शिक्षक संकुल पवन कुमार सिंह तथा शिक्षक संकुल व राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकारी जिला अध्यक्ष ज्योति प्रकाश ने सभी अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण करके किया।
उसके पश्चात एआरपी अरविंद दीक्षित ने शिक्षा चौपाल के उद्देश्यों बेसिक शिक्षा परिषद में चल रहे विभिन्न उपागमों एवं आ रहे आमूल चूल परिवर्तन के विषय में विस्तार से चर्चा किया। एआरपी पुनीत कुमार सिंह ने निपुण भारत अभियान निपुण लक्ष्य तथा वर्तमान समय में निपुण आकलन किस प्रकार से हो रहा है तथा इसका बच्चों के प्रगति पर क्या प्रभाव पड़ रहा है उसकी रूपरेखा प्रस्तुत की। एआरपी अरुण कुमार पांडे ने डिजिटल माध्यम से एवं आईसीटी की सहायता से किस प्रकार से शिक्षा में आधुनिक टेक्नोलॉजी का उपयोग बेसिक शिक्षा के विद्यालयों में भी हो रहा है उसके विषय में विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे खंड शिक्षा अधिकारी चोलापुर नागेंद्र सरोज ने अपने संबोधन में बताया कि चोलापुर के सभी 133 विद्यालयों में टीवी की व्यवस्था हो चुकी है जिससे विभिन्न ऐप के माध्यम से बच्चे बड़े स्क्रीन पर पढ़ाई कर पा रहे हैं 25 परसेंट विद्यालयों में स्मार्ट बोर्ड की व्यवस्था हो चुकी है तथा अन्य पर व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है चोलापुर लगातार पिछले दो वर्षों से अपने 90% विद्यालयों को निपुण घोषित करने में सफल रहा है तथा बच्चों के शैक्षिक उन्नयन व सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास जारी है।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों को अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व एआरपी भारतीश मिश्र ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन रमेश कुमार यादव ने किया।
इस अवसर पर शिक्षक राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कार्यकरी जिला अध्यक्ष व शिक्षक संकुल ज्योति प्रकाश विनोद राम हरिशचंद्र मिश्रा वीरेंद्र खरवार ओम प्रकाश सिंह आदि लोगो व बड़ी संख्या में शिक्षक अभिभावक व बच्चे उपस्थित रहे।
