जीआरपी व आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई 2.21 किलो विदेशी सोना बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी। रेलवे स्टेशन और प्लेटफार्मों पर अपराध व तस्करी की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी और आरपीएफ ने बड़ी सफलता हासिल की है। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से करोड़ों रुपये कीमत का विदेशी सोना बरामद किया है। रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत प्लेटफार्म,स्टेशन परिसर तथा सरकुलेटिंग एरिया में लगातार सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में जीआरपी थाना कैंट वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर और आरपीएफ निरीक्षक संदीप यादव के नेतृत्व में पुलिस व आरपीएफ की संयुक्त टीम प्लेटफार्म नंबर 5 पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन नंबर 20503 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस रात 01:34 बजे प्लेटफार्म पर पहुंची। ट्रेन के निकास द्वार पर दो संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए। मुखबिर के इशारे पर पुलिस टीम जब उनकी ओर बढ़ी तो दोनों युवक घबराकर भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाना जीआरपी कैंट लाया गया।पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने अपना नाम बालासो पुत्र अशोक जाधव निवासी जिला सतारा महाराष्ट्र तथा तेजस बालासाहेब पंवार निवासी पुणे महाराष्ट्र बताया। तलाशी के दौरान दोनों के पैंट की फेंट को काटकर छिपाए गए कुल 19 पीली धातु (सोने) के बार/बिस्कुट बरामद किए गए। बरामद सोने का कुल वजन 2215 ग्राम (करीब 2.215 किलोग्राम) पाया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 54 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह विदेशी मूल का सोना है,जिसे तस्करी के जरिए बांग्लादेश से लाया गया था और कूचबिहार से दिल्ली ले जाया जा रहा था। बरामद सोने को आगे की कार्रवाई के लिए राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) क्षेत्रीय इकाई सिगरा वाराणसी की टीम को सौंप दिया गया है। डीआरआई के अधिकारियों द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में जीआरपी कैंट वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर,आरपीएफ निरीक्षक संदीप यादव,निरीक्षक देवचन्द्र यादव,उपनिरीक्षकराजबहादुर,उपनिरीक्षक सोहनपाल वर्मा सहित जीआरपी व आरपीएफ के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे। रेलवे स्टेशन पर हुई इस बड़ी बरामदगी से तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है,वहीं जीआरपी और आरपीएफ की सतर्कता की भी सराहना की जा रही है।

Related News

7775078405805895489

Lates Post

59
Poll

भारत का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा?

Scroll to Top