
जनसंदेश टाइम्स विनय श्रीवास्तव सुलतानपुर। लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे प्रेस क्लब सुलतानपुर के दिन अब बहुरने की उम्मीद दिखाई देने लगी है। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह द्वारा प्रेस क्लब परिसर का निरीक्षण किए जाने के बाद पत्रकारों और मीडिया कर्मियों में नई आशा का संचार हुआ है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय जिला सूचना अधिकारी धीरेन्द्र यादव भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रेस क्लब भवन की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधार कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। बताया जा रहा है कि परिसर में लंबे समय से साफ-सफाई, पेयजल और रखरखाव संबंधी समस्याएं बनी हुई थीं, जिससे पत्रकारों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था।
हाल ही में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मीडिया कर्मियों से संवाद करते हुए भरोसा दिलाया था कि प्रेस क्लब का समुचित जीर्णोद्धार कराया जाएगा तथा पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उनके आश्वासन के बाद प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, प्रेस क्लब परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ पेयजल सुविधा, शौचालय, विद्युत व्यवस्था और बैठने के बेहतर इंतजाम कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। पत्रकारों का मानना है कि यदि प्रशासन गंभीरता से पहल करता है तो प्रेस क्लब न केवल सुविधायुक्त बनेगा, बल्कि जिले के पत्रकारों के लिए एक व्यवस्थित और सम्मानजनक कार्यस्थल के रूप में विकसित हो सकेगा।
जिलाधिकारी के इस निरीक्षण को मीडिया जगत के प्रति प्रशासन की सकारात्मक पहल माना जा रहा है। पत्रकारों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही प्रेस क्लब में आवश्यक संसाधनों का विकास दिखाई देगा और वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान हो सकेगा।