
वाराणसी 12 मई 2026 उ0प्र0 पेंशनर्स कल्याण संस्था, शाखा-वाराणसी की मासिक बैठक रविवार को प्रातः 10:30 बजे डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन, पीडब्ल्यूडी, वाराणसी में जिलाध्यक्ष इं० एस० डी० मिश्र की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन जिलामंत्री अवध नारायण पाण्डेय ने किया। बैठक में संस्था के प्रांतीय संरक्षक इं० शमसुल आरेफिन एवं जनपदीय संरक्षक इं० आर० पी० मिश्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। निर्धारित एजेण्डे के अनुसार सर्वप्रथम नये सदस्यों का परिचय कराया गया तथा मई माह में जन्मे पेंशनर्स का जन्मदिन मिष्ठान वितरण कर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसके पश्चात पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई गई, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। बैठक में वक्ताओं ने केन्द्र सरकार द्वारा पारित वैलिडेशन एक्ट 2025 को पेंशनरों के बीच भेदभाव उत्पन्न करने वाला बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग की। साथ ही 03 नवम्बर 2025 की राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से 01 जनवरी 2026 से पूर्व पुरानी पेंशन योजना के अन्तर्गत आने वाले पेंशनरों की पेंशन पुनरीक्षण प्रक्रिया को 8वें केन्द्रीय वेतन आयोग की परिधि से बाहर किये जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर प्रदेश भर के पेंशनरों द्वारा 23 जून 2025, 17 दिसम्बर 2025 एवं 25 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री, वित्तमंत्री एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे जा चुके हैं, किन्तु अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। बैठक में पेंशनरों की अन्य लम्बित मांगों जैसे राशिकरण बहाली अवधि 15 वर्ष से घटाकर 11 वर्ष करने, 65, 70 एवं 75 वर्ष की आयु पर क्रमशः 5, 10 एवं 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि, वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराये में छूट बहाल करने तथा कोरोना काल में फ्रीज की गई मंहगाई राहत की तीन किश्तों के एरियर भुगतान की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। सभा को इं० शमसुल आरेफिन, इं० आर० पी० मिश्र, इं० डी० एल० श्रीवास्तव, हीरालाल, डॉ० परमहंस मिश्र, इं० एस० एन० मणि, नागेन्द्र सिंह, हीरालाल प्रसाद, इं० हरिशंकर यादव, अमरदेव, प्रभाकर दुबे, शिव प्रकाश, वी० एन० त्रिपाठी, दयाशंकर सिंह यादव, राकेश मोहन पाण्डेय, रामजग, श्रीमती शैलकुमारी, श्रीमती शकुन्तला देवी एवं रामचन्द्र गुप्ता सहित अनेक सदस्यों ने सम्बोधित किया।