बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस कीमतों के खिलाफ आप का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन,राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।

वाराणसी। लगातार बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी वाराणसी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार 14 मार्च 2026 को जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार लेकिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को महंगाई का प्रमुख कारण बताते हुए राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में ₹60 और कमर्शियल गैस सिलेंडर में ₹120 की वृद्धि ने आम जनता के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। होटल,ढाबा,रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े हजारों छोटे कारोबारी इससे गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं।जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का सीधा बोझ गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों से चिंताजनक आंकड़े सामने आ रहे हैं। मुंबई में लगभग 20 प्रतिशत होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और करीब 50 प्रतिशत तक बंद होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं तमिलनाडु में लगभग 10 हजार होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर हैं। पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में हजारों छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि मोरबी में लगभग 650 उद्योगों में से करीब 170 उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे करीब एक लाख लोग बेरोजगार हो गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इस आर्थिक संकट के कारण देशभर में लगभग एक करोड़ लोगों के बेरोजगार होने की आशंका जताई जा रही है। नेताओं ने कहा कि भारत में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी आयात की जाती है, जिसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते आता है। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में ईरान,इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है।जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल ने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये का वार्षिक नुकसान हो रहा है। साथ ही गैस क्षेत्र में कुछ निजी कंपनियों,विशेषकर अडानी समूह को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण कई स्थानों पर गैस की कीमतों में तीन गुना तक वृद्धि होने के आरोप भी सामने आ रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करने की मांग की। ज्ञापन में प्रमुख मांगें इस प्रकार रखी गईं

घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई हालिया वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए।पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी और ठोस नीति लागू की जाए। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी प्रदान की जाए। महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करे। पार्टी नेताओं ने महामहिम राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि बढ़ती महंगाई से परेशान देश की आम जनता को राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं। इस अवसर पर कार्यक्रम में अब्दुल्लाह खान,घनश्याम पांडे (जिला मीडिया प्रभारी),गुलाब सिंह राठौड़,पल्लवी वर्मा,शारदा टंडन,डॉ. अहिल्या,मोहिनी महेद्रु,आर.के. उपाध्याय,विनोद जायसवाल,सरोज शर्मा,प्रमोद श्रीवास्तव,अभिषेक सिंह,राहुल द्विवेदी,चेत सिंह,राजेश कुमार,सतीश पटेल,कांता प्रसाद,अरविंद यादव,जयकिसन पटेल,गुलाब प्रजापति,मोहम्मद कुद्दूस,दीपक यादव,श्याम सुंदर पटेल,विनोद कुमार विश्वकर्मा,निलेश सिंह,विनोद कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

7775078405805895489
63
Poll

भारत का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा?

Scroll to Top