
सुलतानपुर।इसौली विधानसभा में 2027 के चुनाव को लेकर अभी से सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है।भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट पर अपनी खोई जमीन वापस पाने के लिए अंदरखाने रणनीति तेज कर दी है।इसी बीच देहली बाजार निवासी भाजपा नेता विकास शुक्ल ने मिशन-2027: इसौली में खिलेगा कमल का नारा बुलंद कर चुनावी रणभेरी बजा दी है।भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के सबका साथ,सबका विकास मंत्र को आधार बनाते हुए विकास शुक्ल ने खुद को इसौली में पार्टी के मजबूत और सक्रिय चेहरे के रूप में पेश किया है। खास बात यह है कि पोस्टर में सिर्फ नारा नहीं,बल्कि सत्ता तक पहुंचने की महत्वाकांक्षा भी साफ झलक रही है। इससे यह संदेश गया है कि भाजपा अब इस सीट को हल्के में लेने के मूड में नहीं है।राजनीतिक जानकारों की मानें तो विकास शुक्ल की बढ़ती सक्रियता को संगठन की भावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पोस्टर के जरिए उन्होंने न केवल अपनी दावेदारी का संकेत दिया है,बल्कि बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने का भी प्रयास किया है। गांव-गांव और चौराहों पर यह पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है।फिलहाल इतना तय है कि विकास शुक्ल के एक पोस्टर ने इसौली की शांत सियासत में हलचल मचा दी है और मिशन-2027 की लड़ाई का पहला संकेत दे दिया है।