
सुल्तानपुर। पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देश पर यातायात माह के तहत बंधुआकला थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं बिना हेलमेट चलने वालों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान का नेतृत्व बंधुआकला थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल ने किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस कर्मियों ने समझाया कि हेलमेट न केवल कानून की जरूरत है, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे अहम साधन भी है। इस जागरूकता कार्यक्रम में फिरोज आलम, चंद्रमणि यादव, अमरेश यादव, सद्दाम हुसैन, सुरेंद्र सिंह, ईशु यादव तथा हेड कांस्टेबल कैसर रिजवी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की इस पहल को राहगीरों और वाहन चालकों ने सराहा और नियमों का पालन करने का भरोसा दिलाया।
पुलिस का कहना है कि यातायात माह के दौरान ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।