
काशी। फाल्गुन मास की पावन रंगभरी एकादशी के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय टेढ़ी नीम स्थित महंत आवास पहुंचे और भगवान शिव माता पार्वती का विधिवत दर्शन पूजन किया।
काशी में रंगभरी एकादशी का विशेष महत्व है। मान्यता है कि बाबा विश्वनाथ के गौना के बाद माता पार्वती के साथ काशी आगमन की खुशी में यह उत्सव मनाया जाता है। इसी परंपरा के तहत टेढ़ी नीम स्थित महंत आवास पर बाबा का पारंपरिक श्रृंगार और गुलाल अबीर अर्पित कर उत्सव मनाया गया।
अजय राय ने बाबा विश्वनाथ और माता गौरा से काशी की सुख समृद्धि शांति और सर्वजन कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि काशी की धार्मिक परंपराएं केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि यहां की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक हैं। रंगभरी एकादशी काशी की जीवंत आध्यात्मिक परंपरा को दर्शाती है। जहां भक्त और भगवान के बीच प्रेम और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
महंत आवास पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना संपन्न हुई। उपस्थित श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं के साथ अजय राय ने गुलाल अर्पित कर उत्सव की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि काशी की परंपराएं सदियों से चली आ रही हैं और इनका संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है। रंगभरी एकादशी जैसे पर्व समाज में प्रेम सौहार्द और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्थानीय गणमान्यजन और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
उक्त अवसर पर अजय राय राघवेन्द्र चौबे मनीष मोरोलिया मनोज वर्मा आशिष गुप्ता विनय जायसवाल विनीत चौबे किशन यादव रामजी गुप्ता समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे।