
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यकाल के नव वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संकुल भवन,वाराणसी में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने जनपद में हुए व्यापक विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वाराणसी आज विकास,रोजगार,शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 2,49,259 लाभार्थियों को गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं,जबकि स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 1,74,506 विद्यार्थियों को टैबलेट एवं स्मार्टफोन वितरित किए गए। “एक जनपद एक उत्पाद” योजना के तहत 820 इकाइयों की स्थापना हुई है,वहीं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत 2697 इकाइयाँ स्थापित कर युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 5800 लाभार्थियों को कौशल प्रशिक्षण के साथ टूलकिट और मानदेय प्रदान किया गया। औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देते हुए जनपद में 194 एमओयू साइन हुए हैं, जिनमें 21,566.72 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है और 48,502 रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। शिक्षा क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है—पिछले 9 वर्षों में 30 नए डिग्री कॉलेज, 20 आईटीआई और 31 पॉलिटेक्निक संस्थान खोले गए हैं। वहीं रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर जैसे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण भी कराया गया है।वाराणसी के समग्र विकास का परिणाम यह है कि वर्ष 2017 में जहाँ जनपद का जीडीपी 22,586.91 करोड़ रुपये था,वह अब बढ़कर 51,036 करोड़ रुपये हो गया है। प्रति व्यक्ति आय भी बढ़कर 1,03,354 रुपये तक पहुँच गई है। मंत्री ने बताया कि कज्जाकपुरा सेतु का निर्माण पूर्ण हो चुका है और गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम,रोप-वे,हाइड्रोजन आधारित जल परिवहन और एयरपोर्ट विस्तार जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएँ शीघ्र पूर्ण होंगी। साथ ही,काशी स्पोर्ट्स सिटी टाउनशिप और ट्रांसपोर्ट नगर जैसी योजनाएं शहर के भविष्य को नई दिशा देंगी। किसानों के लिए 3,05,823 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और 16,026 किसानों को ऋण मोचन योजना का लाभ मिला है।आवास,शौचालय,पेंशन,आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड जैसी योजनाओं ने लाखों लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है। पर्यटन विकास के अंतर्गत काशी के प्रमुख स्थलों जैसे कैथी घाट,श्री काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र,मान महल और गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण किया गया है, जिससे शहर की वैश्विक पहचान और मजबूत हुई है। मंत्री ने कहा कि वाराणसी अब केवल आस्था का केंद्र नहीं,बल्कि विकास और आधुनिकता का भी प्रतीक बन चुका है। आने वाले समय में यह शहर देश के अग्रणी स्मार्ट और आर्थिक केंद्रों में शामिल होगा। इस अवसर पर विधायक अवधेश सिंह,जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा,एमएलसी धर्मेंद्र सिंह और अध्यक्ष पूनम मौर्या सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।