
वाराणसी। वेदांग फाउंडेशन द्वारा समाज के प्रति संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सारनाथ स्थित वृद्धाश्रम में ‘खुशियों भरा दिन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य व्यस्त और तनावपूर्ण जीवन के बीच बुजुर्गों के जीवन में स्नेह,संवाद और खुशी के पल जोड़ना था।कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के सदस्यों ने वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उनके अनुभव सुने और उन्हें आत्मीयता का एहसास कराया। साथ ही आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में बुजुर्गों की बीपी और शुगर की जांच की गई,जिससे उनकी सेहत की स्थिति का आकलन हो सके। स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए योग और प्राणायाम सत्र भी आयोजित किया गया,जिसमें सभी वृद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा, पौष्टिक अल्पाहार का वितरण कर उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा गया। इस पुनीत कार्य में फाउंडेशन के सदस्य—शाश्वत चौबे,शिवांश मिश्रा,आयुष सिंह,सिद्धार्थ सिंह, पूजा सिंह और मनीष कुमार—ने अपनी निष्ठा और समर्पण से कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम का संचालन पीयूष श्रीवास्तव ने किया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की प्रवक्ता राजलक्ष्मी जी द्वारा प्रस्तुत किया गया। वेदांग फाउंडेशन का यह प्रयास समाज को यह संदेश देता है कि बुजुर्ग केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि समय और स्नेह के भी हकदार हैं। ऐसी पहलें निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में प्रेरणादायक हैं।