
आधुनिक भाषा एवं भाषाविज्ञान विभाग, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत “महिला स्वावलंबन एवं सरकारी योजनाओं पर चर्चा” विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने महिला सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का आत्मनिर्भर होना अनिवार्य है। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने “महिला स्वावलंबन” और “सरकारी योजनाओं” जैसे विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। इस अवसर पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, स्टैंड-अप इंडिया योजना, महिला हेल्पलाइन 181, वन स्टॉप सेंटर योजना तथा स्वयं सहायता समूह (SHGs) से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई। इस परिचर्चा से छात्र-छात्राओं में न केवल जागरूकता बढ़ी, बल्कि उनकी अभिव्यक्ति क्षमता का भी विकास हुआ।
कार्यक्रम का संचालन मिशन शक्ति की को-ऑर्डिनेटर एवं संयोजिका प्रो. विद्या कुमारी चन्द्रा द्वारा किया गया। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पहल महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर विभाग के समस्त अध्यापकगण, अन्य विभागों के शिक्षक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. स्रग्धरा शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।