
वाराणसी 10 फरवरी वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र के कछवा रोड ठठरा गांव की 25 वर्षीय महिला पहलवान निधि सिंह द्वारा पारिवारिक विवाद के बाद कीटनाशक दवा खा कर आत्महत्या किए जाने के बाद आज समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने शोकाकुल परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त किया। विगत बुधवार की शाम हुई इस घटना के बाद उसे आनन फानन में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां लगभग 50 घंटे तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया था। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने बताया कि निधि ने कुश्ती के लिए 2018 से निवेदिता साई सेंटर से प्रैक्टिस शुरू की थी। दादा माता दयाल सिंह एवं दादी श्यामा देवी परवरिश कर रहे थे। जिला व प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेती थी। वाराणसी मिर्जापुर भदोही क्षेत्र में होने वाली कई कुश्ती प्रतियोगिताओं की विजेता थी। पहलवानी के साथ साथ पढ़ाई भी करती थी। वह अच्छी पहलवान थी। उससे बड़ी उम्मीदें थीं लेकिन सब कुछ खत्म हो गया।