
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में वाराणसी मंडल द्वारा विभिन्न रेल खण्डों पर निरंतर टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार,30 अप्रैल 2026 को सीवान,एकमा एवं छपरा स्टेशनों को आधार बनाकर सीवान–छपरा रेल खण्ड पर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान 75103 छपरा–सीवान सवारी गाड़ी एवं 75204 सीवान–छपरा डेमू सवारी गाड़ी सहित विभिन्न ट्रेनों में किलाबंदी कर गहन जांच की गई। इस विशेष अभियान में मंडल वाणिज्य निरीक्षक/सीवान प्रणव प्रभाकर एवं सईद अख्तर (आईसीपी छपरा) सहित कुल 7 टिकट जांच कर्मियों तथा रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। जांच के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे कुल 122 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से कुल ₹32,930 (बत्तीस हजार नौ सौ तीस रुपये) का जुर्माना वसूल कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस सघन अभियान के कारण संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं,जिससे जागरूकता का सकारात्मक प्रभाव भी स्पष्ट हुआ। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने आम यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा के दौरान रेल नियमों का पालन करें, उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा ट्रेनों एवं स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखें।वाराणसी मंडल द्वारा आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, जिससे रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित,सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाया जा सके।