स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत भव्य नामांकन उत्सव। स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब का लोकार्पण।

काशी विद्यापीठ विकास खण्ड स्थित कम्पोजिट विद्यालय महेशपुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत नामांकन उत्सव, पुस्तक वितरण कार्यक्रम एवं शैक्षिक जागरूकता समारोह का अत्यंत भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब का विधिवत लोकार्पण किया गया, जिसने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, बेसिक शिक्षा अधिकारी वाराणसी अनुराग श्रीवास्तव एवं विशिष्ट अतिथि स्कन्द गुप्त की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव का वातावरण रहा, जहां छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि श्री अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में सरकारी विद्यालयों को गुणवत्ता, संसाधन एवं परिणाम के स्तर पर इतना सक्षम बनाया जाना आवश्यक है कि वे निजी विद्यालयों के समकक्ष खड़े हो सकें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य केवल नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं जीवनोपयोगी शिक्षा प्रदान करना होना चाहिए।
उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे स्वयं नवोदय विद्यालय के छात्र रहे हैं और आज एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि यदि अवसर एवं मार्गदर्शन सही मिले, तो सरकारी विद्यालयों के छात्र भी उच्चतम उपलब्धियां प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्य अतिथि ने अभिभावकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं जैसे निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, ड्रेस, मध्यान्ह भोजन, छात्रवृत्ति आदि—की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया तथा अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से यह भी कहा कि जिन विद्यालयों में नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, वहां के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि विद्यालय में आईसीटी लैब को विकसित किया गया है जिसमें कंप्यूटर, प्रोजेक्टर एवं अन्य आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा, कंप्यूटर साक्षरता एवं तकनीकी कौशल प्रदान किया जाएगा, जिससे वे आधुनिक प्रतिस्पर्धात्मक युग में स्वयं को सशक्त बना सकें।
नामांकन उत्सव के अंतर्गत नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में एआरपी डॉ संजय गुप्ता प्रधानाध्यापिका शीला यादव ज्योत्सना त्रिपाठी, मंजू,आकांक्षा, तकदीस, अंजू कुमारी, राणा हुसैन सहित अन्य शिक्षक व अभिभावक तथा नन्ही कली के प्रतिनिधि गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व एआरपी अमिताभ मिश्र द्वारा किया गया।

Related News

7775078405805895489

Lates Post

63
Poll

भारत का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा?

Scroll to Top