
वाराणसी, जून 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 11वीं एनडीआरएफ, वाराणसी, के वाहिनीं मुख्यालय, चौकाघाट में उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा के दिशा निर्देशन में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एनडीआरएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने बड़े ही उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा प्रबंधन जैसे चुनौतीपूर्ण कार्यों में लगे बल के बचावकर्मियों और उनके परिजनों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ्य जीवन शैली को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के योग वेलनेस सेंटर से कुशल योग प्रशिक्षक ऋषभ पाण्डेय एवं यश मौर्य ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया।
इसके अतिरिक्त, एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने काशी के नमो घाट तथा सारनाथ सहित गोरखपुर, लखनऊ तथा भोपाल में भी विभिन्न संस्थाओं और निकायों के कर्मचारियों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ मिलकर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा उपस्थित जन सामान्य को इसे नियमित रूप से करने के लिए प्रेरित भी किय।
इस अवसर पर उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने काशी के लोगो को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ एवं सशक्त बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, एकाग्रता एवं तनाव प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है| 11वीं वाहिनी NDRF द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे कर्मियों की कार्यक्षमता, मानसिक दृढ़ता एवं समग्र स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
यह आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ तथा सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।