
वाराणसी। आज के दौर में जहां जन्मदिन के अवसर पर बड़े-बड़े आयोजन और शक्ति प्रदर्शन आम बात हो गई है,वहीं समाजसेवी एवं अधिवक्ता प्रिंस चौबे ने अपने जन्मदिन को सेवा,संवेदनशीलता और मानवता के नाम समर्पित कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। अपने जन्मदिन के विशेष अवसर पर प्रिंस चौबे ने जरूरतमंद एवं असहाय बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं। उन्होंने उन बच्चों को मॉल घुमाया जो पहले कभी मॉल नहीं गए थे। इनमें कई ऐसे बच्चे भी शामिल थे जिनके सिर से पिता का साया उठ चुका है। बच्चों के लिए यह दिन किसी सपने के सच होने जैसा रहा।प्रिंस चौबे ने बच्चों को नए कपड़े, मिठाइयां,कोल्ड ड्रिंक तथा अन्य उपहार प्रदान किए और उनके साथ पूरा दिन बिताकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी। बच्चों ने भी इस अवसर का भरपूर आनंद लिया और अपने प्रिय “प्रिंस भैया” के प्रति आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि समाजसेवा प्रिंस चौबे के जीवन का अभिन्न हिस्सा रही है। छात्र जीवन के दौरान इलाहाबाद में भी वे अपने जन्मदिन एवं अन्य विशेष अवसरों पर जरूरतमंद लोगों की सहायता और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं। वर्तमान समय में भी वे निरंतर जनसेवा के कार्यों में जुटे हुए हैं। प्रिंस चौबे का मानना है कि जन्मदिन का वास्तविक आनंद तभी है जब किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके। यही सोच उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए प्रेरित करती है।लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय प्रिंस चौबे अनेक जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने,गंभीर मरीजों के इलाज हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं। उनके इस मानवीय प्रयास की क्षेत्र के लोगों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया है।