
वाराणसी। नव्या क्लब काशी महिला संगठन द्वारा नवसंवत्सर का पावन पर्व बड़े ही उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन होटल ली लोटस ग्रैंड में क्लब की अध्यक्ष अनुपमा राय के नेतृत्व में संपन्न हुआ,जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस खास अवसर पर सभी महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर भारतीय संस्कृति की खूबसूरती को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में नवसंवत्सर के महत्व को समझाते हुए हिन्दू नववर्ष का स्वागत पूरे हर्षोल्लास के साथ किया गया। उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए समाज में इस पर्व की महत्ता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत माता की चौकी के साथ हुई,जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। आयोजन को सफल बनाने में प्रीति राय,सौम्या राय,नीतू राय,ऋतु राय,स्वाती,अर्पिता राय,मधुलिका राय,अंजली तिवारी और प्राची राय का विशेष योगदान रहा,जिन्होंने मंच संचालन को प्रभावशाली और आकर्षक बनाया। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष अनुपमा राय ने कहा कि नवसंवत्सर मनाने की यह पहल समाज में संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम ने न केवल उत्सव का माहौल बनाया, बल्कि महिलाओं को एक मंच पर जोड़कर भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व की भावना को भी सशक्त किया।
