फिरोजाबाद। आगामी ईद-उल-फितर और नवदुर्गा के पावन पर्वों को लेकर थाना दक्षिण के सभागार में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सौरभ दीक्षित ने की। इस दौरान हिंदू-मुस्लिम धर्मगुरुओं सहित विभिन्न कमेटियों के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने शिरकत की।

सरकारी गाइडलाइन का पालन अनिवार्य: SSP
बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी सौरभ दीक्षित ने कहा कि सभी त्योहार सौहार्द, अमन-चैन और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहेंगे, लेकिन सभी नागरिकों को सरकारी गाइडलाइन और कानून का अक्षरशः पालन करना होगा।
सड़कों पर नहीं होगी नमाज: शहर मुफ्ती
शहर मुफ्ती व ईदगाह इमाम तनवीर अहमद कासमी सहित जामा मस्जिद और शाही मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों ने साझा निर्णय लेते हुए कहा कि सरकारी गाइडलाइन के तहत सड़कों पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। नमाज ईदगाह, इस्लामिया ग्राउंड और इस्लामिया कॉलेज के परिसर के अंदर ही होगी। उन्होंने अकीदतमंदों से अपील की कि वे मुकर्रर वक्त से 10 मिनट पहले पहुंचें।

करबला कमेटी ने सौंपी मांग पत्र
करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान ने एसएसपी को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें ईद की नमाज के मद्देनजर बिजली, पानी, साफ-सफाई, सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, आवारा जानवरों पर नियंत्रण, टूटी सड़कों की मरम्मत और मस्जिदों के आसपास चूना पट्टी बिछाने जैसी व्यवस्थाओं की मांग की गई। उन्होंने आवाम से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी भड़काऊ मैसेज को फॉरवर्ड न करें।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में मुख्य रूप से नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, सीओ सिटी प्रवीण कुमार तिवारी, एलआईयू इंस्पेक्टर प्रेमपाल सिंह सहित सभी थानों के प्रभारी मौजूद रहे। साथ ही पंडित मुन्नालाल शास्त्री, मौलाना आलम मुस्तफा याकूबी, मुफ्ती कासिम रजी, हिकमत उल्ला खान, श्याम सिंह यादव पार्षद, पंडित हिरदेश शर्मा और संजय जैन आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।