
वाराणसी/जौनपुर। बक्सा थाने में तैनात उपनिरीक्षक प्रशांत पाण्डेय को उनके उत्कृष्ट कार्य कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासित सेवा के लिए बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें उपनिरीक्षक से पदोन्नत कर निरीक्षक बनाया गया है। इस अवसर पर जौनपुर के नवागत पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने उन्हें स्टार लगाकर और पुष्प-गुच्छ भेंट कर बधाई दी। पदोन्नति समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निरीक्षक प्रशांत पाण्डेय की यह उपलब्धि उनके निरंतर परिश्रम ईमानदारी और पुलिस सेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक पाण्डेय अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा,पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ करेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रशांत पाण्डेय पूर्व में नेवड़िया थाना प्रभारी रहते हुए कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। उनके नेतृत्व में क्षेत्र में शांति व्यवस्था को मजबूती मिली और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा। पुलिस अधीक्षक ने यह भी उम्मीद जताई कि निरीक्षक प्रशांत पाण्डेय भविष्य में भी कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस पदोन्नति कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह पुलिस अधीक्षक के पीआरओ सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।