महंगाई और टैक्स नीति से टूट रहा टैक्सी उद्योग,किराये में वृद्धि लागू।  

वाराणसी। लगातार बढ़ती महंगाई, डीज़ल-पेट्रोल की आसमान छूती कीमतों तथा सरकार की नई टैक्स नीति के चलते वाराणसी सहित पूरे प्रदेश का टैक्सी उद्योग बर्बादी के कगार पर पहुंच गया है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी टूरिज्म एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेस वार्ता का आयोजन होटल त्रिदेव ग्रैंड में किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से टैक्सी किरायों में तत्काल प्रभाव से 2 रुपये प्रति किलोमीटर की वृद्धि लागू करने का निर्णय लिया गया।एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणय रंजन सिंह ने बताया कि वर्ष 2018 से अब तक टैक्सी किरायों में कोई वृद्धि नहीं की गई थी,जबकि इस दौरान महंगाई कई गुना बढ़ चुकी है। डीज़ल,पेट्रोल,वाहन रखरखाव,बीमा एवं अन्य खर्चों में लगातार वृद्धि होने से टैक्सी संचालकों का जीवन यापन कठिन हो गया है। विभिन्न टैक्सी संगठनों के साथ कई दौर की बैठकों के बाद यह निर्णय लिया गया। नई दरों के अनुसार अब डिज़ायर 13 रुपये प्रति किलोमीटर,एर्टिगा 16 रुपये,क्रिस्टा 20 रुपये,टेम्पो ट्रैवलर 30 रुपये तथा अर्बनिया 35 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से संचालित होंगी। न्यूनतम रनिंग किलोमीटर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पहले की तरह लोकल यात्रा में 200 किलोमीटर तथा आउटस्टेशन यात्रा में 250 किलोमीटर प्रतिदिन की बिलिंग लागू रहेगी।बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा टैक्सी वाहनों पर अचानक लागू की गई वन टाइम टैक्स नीति की भी कड़ी भर्त्सना की गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा सभी नई एवं पुरानी टैक्सियों पर एकमुश्त 15 वर्षों का रोड टैक्स जमा करने का आदेश टैक्सी संचालकों पर आर्थिक बोझ बन गया है। 3 से 4 वर्ष पुरानी गाड़ियों पर भी तत्काल 1 से 2 लाख रुपये तक टैक्स जमा करने की बाध्यता ने टैक्सी मालिकों की कमर तोड़ दी है।एसोसिएशन ने कहा कि प्रदेशभर में इस नीति के विरोध में आंदोलन जारी है तथा बड़ी संख्या में गाड़ियां खड़ी हो रही हैं क्योंकि अधिकांश टैक्सी संचालकों की एकमुश्त इतनी बड़ी राशि जमा करने की क्षमता नहीं है। जल्द ही इस मुद्दे को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में राम पांडेय,रौनक शर्मा,गौरव रुपानी,अरुण सिंह,सतीश सिंह,शानू राय,प्रकाश सिंह,बच्चा सिंह,राका यादव सहित सैकड़ों टैक्सी संचालक उपस्थित रहे। वाराणसी के ट्रेवल उद्योग से जुड़े लोगों ने मीडिया से अपील की है कि इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाए ताकि टैक्सी संचालकों की समस्याएं सरकार और समाज तक पहुंच सकें। ट्रेवल उद्योग ने मीडिया के सहयोग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Leave a Comment

7775078405805895489
63
Poll

भारत का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा?

Scroll to Top