
वाराणसी,भोजूबीर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश की पूर्वांचल इकाई की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक एवं सदस्यता ग्रहण समारोह भोजूबीर स्थित ‘राजमहल उपवन’ में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि एवं प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान (एडवोकेट),सदस्य रेलवे उपभोक्ता परामर्श समिति (भारत सरकार) ने की। बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन दलों ने वर्षों तक प्रदेश की जनता को केवल भ्रमित किया और जातिवाद व तुष्टिकरण की राजनीति से युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुँचाया। अब प्रदेश की जनता एक नए विकल्प के रूप में लोजपा (रामविलास) की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने संस्थापक रामविलास पासवान के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलते हुए वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने बाबा साहब को ‘भारत रत्न’ दिलाने और संसद के सेंट्रल हॉल में उनकी प्रतिमा स्थापित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के विजन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उनके ‘बिहार फर्स्ट’ की तर्ज पर ‘यूपी फर्स्ट, यूपी वाले फर्स्ट’ मिशन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। बताया गया कि पार्टी उत्तर प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्रों में युवाओं को नेतृत्व का अवसर देते हुए सभी सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत श्रीवास्तव ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनकी सक्रियता और संगठन क्षमता को देखते हुए उन्हें वाराणसी खंड स्नातक क्षेत्र चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया गया। सदस्यता लेने के बाद उन्होंने पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अभिनय श्रीवास्तव (प्रदेश संगठन सचिव),आशुतोष सिंह गहरवार (प्रदेश महासचिव),विशाल सिंह रघुवंशी (मंडल अध्यक्ष),राज सिंह नीरज (जिलाध्यक्ष) एवं गुरु प्रसाद राणा (महानगर अध्यक्ष) सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।