वैदिक चेतना शिविर का समापन सम्पन्न, छात्राओं को वितरित किए गए प्रमाण पत्र।

वाराणसी। पाणिनि कन्या महाविद्यालय में आयोजित पंद्रह दिवसीय “वैदिक चेतना शिविर” का समापन समारोह गुरुवार को सायं 4 बजे सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ वैदिक मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

समापन सत्र के मुख्य अतिथि डॉ. महेन्द्र नाथ तिवारी (एम.एस.सी आयुर्वेदरत्न) ने छात्राओं को भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा तथा नैतिक मूल्यों के संरक्षण हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार एवं आत्मविश्वास का विकास करते हैं।

विशिष्ट अतिथि डॉ. मंजरी त्रिवेदी, पूर्व संकायाध्यक्ष आयुर्वेद संकाय, बी.एच.यू., ने अपने संबोधन में वैदिक ज्ञान की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्या नंदिता शास्त्री ने की। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन हेतु सभी शिक्षकों, छात्राओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रीति विमर्शिनी ने बताया कि पंद्रह दिवसीय शिविर के दौरान योग, वैदिक अध्ययन, संस्कार शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, श्लोक-पाठ, भाषण तथा सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।

इस शिविर में सम्पूर्ण भारतवर्ष के विभिन्न प्रान्तों से कक्षा 4 से 12वीं तक एवं शास्त्री वर्ग की लगभग 140 कन्याओं ने सहभागिता की। शिविर के माध्यम से छात्राओं को वैदिक संस्कृति, भारतीय जीवन-मूल्यों एवं संस्कारों की व्यावहारिक शिक्षा प्रदान की गई।

इस अवसर पर महाविद्यालय के दर्शन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. रासबिहारी पाण्डेय, वेद विभाग के डॉ. जनमेजय तिवारी, साहित्य विभाग की सहायक आचार्या डॉ. सुधा श्रीवास्तव, डॉ. कीर्ति पाठक सहित महाविद्यालय के समस्त आचार्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन अनामिका आर्या ने किया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया। अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

Leave a Comment

Related News

7775078405805895489

Lates Post

63
Poll

भारत का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा?

Scroll to Top