फिरोजाबाद। शबे-बारात के मुकद्दस त्योहार को शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने के लिए फिरोजाबाद पुलिस मुस्तैद है।

इसी क्रम में आज थाना दक्षिण अंतर्गत नलबंद चौकी पर नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुस्लिम धर्मगुरुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

पुलिस प्रशासन का सख्त संदेश: स्टंटबाजी पर रहेगी नजर
नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार को शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील की है।

- सड़कों पर मोटरसाइकिल से स्टंटबाजी बिल्कुल न करें।
- चाय-पान की दुकानों पर व्यर्थ में भीड़ न लगाएं।
- कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि से दूर रहें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

उलेमाओं की अपील: ‘मस्जिदों में करें इबादत’
बैठक में मौजूद उलेमा हजरत ने नौजवानों को नसीहत दी कि शबे-बारात इबादत और मगफिरत की रात है। उन्होंने कहा कि युवा अपने घरों की नजदीकी मस्जिदों में ही नमाज और इबादत करें। बेवजह सड़कों पर न घूमें और इस रात को अपने माता-पिता, भाई-बहनों और रिश्तेदारों की सलामती के लिए दुआ मांगने में गुजारें। बुजुर्गों से भी अपील की गई कि वे बच्चों को इस रात की अहमियत और सही तरीके से इबादत करने के बारे में जानकारी दें।

मुल्क की तरक्की और भाईचारे की दुआ करें: हिकमत उल्ला खान
वरिष्ठ समाजसेवी और करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान ने कहा कि सभी को उलेमाओं और प्रशासन की अपील का अक्षरशः पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा, “नौजवान और बच्चे मस्जिदों में इबादत करें, वहीं महिलाएं घरों में रहकर मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे के लिए दुआएं करें।”

बैठक में ये रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से:
- प्रशासनिक अधिकारी: नगर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद, सीओ सिटी प्रवीण तिवारी, सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया, थाना दक्षिण प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह, थाना रसूलपुर प्रभारी प्रदीप कुमार, एलआईयू सब इंस्पेक्टर आफताब आलम।
धर्मगुरु एवं गणमान्य: मुफ्ती कासिम रजी, मौलाना अमीन अख्तर, हाफिज अरशद रजवी, मुफ्ती फारूक, मुफ्ती हुजैफा, राजू जरार, मोहसिन मियां, तारिक फारुकी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
