सक्षम परियोजना की कार्यशाला में 120 से अधिक उत्पादों का प्रदर्शन।

वाराणसी। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआईआई) एवं बजाज फिनसर्व के संयुक्त तत्वावधान में संचालित सक्षम परियोजना के अंतर्गत पैकेजिंग एवं प्रोडक्ट डेवलपमेंट कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न उत्पादों का निर्माण कर रहे उद्यमियों को पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं उत्पाद विकास के क्षेत्र में प्रशिक्षित कर उनके उत्पादों को अधिक आकर्षक एवं बाजारोन्मुख बनाना था।

कार्यशाला में 42 उद्यमियों द्वारा 120 से अधिक उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान की पीएसओ एवं सक्षम परियोजना की प्रतिनिधि सुश्री लक्ष्मी विश्वकर्मा ने प्रतिभागियों के उत्पादों का अवलोकन करते हुए पैकेजिंग, लेबलिंग, ब्रांडिंग एवं उत्पाद गुणवत्ता सुधार से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादों को विकसित करने एवं उनकी प्रस्तुति को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदमों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम में उपस्थित उपायुक्त, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), पवन कुमार ने उद्यमियों का उत्साहवर्धन करते हुए उत्पाद विकास एवं नवाचार को स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। वहीं नॉन-फार्म मिशन मैनेजर विक्रम सिंह ने उत्पाद विकास एवं पैकेजिंग के दौरान आने वाली चुनौतियों तथा उनके समाधान पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला के दौरान उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रतिस्पर्धी बाजार के अनुरूप विकसित करने, प्रभावी पैकेजिंग अपनाने तथा मजबूत ब्रांड पहचान स्थापित करने संबंधी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। प्रतिभागियों ने इस कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।

Leave a Comment

Related News

7775078405805895489

Lates Post

64
Poll

भारत का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा?

Scroll to Top