
वाराणसी, 28 मई। वाराणसी–लखनऊ रेलखंड पर संचालित ट्रेन संख्या 20401 एवं 20402 शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस की समय सारिणी में किए गए बदलाव को लेकर यात्रियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। विश्वकर्मा समाज के महानगर अध्यक्ष एवं समाजवादी पार्टी वाराणसी के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा (विश्वकर्मा) ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर ट्रेन के समय में पुनः संशोधन किए जाने की मांग उठाई है।
विष्णु शर्मा “विश्वकर्मा” ने अपने पत्र में बताया कि पूर्व में यह ट्रेन बनारस स्टेशन से सुबह 6 बजे संचालित होती थी, जिससे वाराणसी तथा आसपास के क्षेत्रों के नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, व्यापारियों एवं वरिष्ठ नागरिकों को काफी सुविधा मिलती थी। लेकिन वर्तमान में ट्रेन का समय सुबह 5:40 बजे कर दिए जाने से यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ से वाराणसी आने वाली ट्रेन के समय में बदलाव होने से भी यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई है। ऐसे में हजारों दैनिक यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ रही है।
विष्णु शर्मा ने रेल मंत्री से जनहित में ट्रेन की समय सारिणी की पुनः समीक्षा कर यात्रियों के अनुकूल समय निर्धारित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि ट्रेन की गति एवं संचालन व्यवस्था को संतुलित करते हुए समय में संशोधन किया जाए तो बड़ी संख्या में यात्रियों को राहत मिल सकती है।
इस संबंध में रेल मंत्री कार्यालय को ईमेल एवं पत्र के माध्यम से विस्तृत ज्ञापन भी भेजा गया है।