
वाराणसी। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान अयोध्या के श्रीराम मंदिर ट्रस्ट और उसके प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए धन और सोने की चूड़ियों में कथित चोरी हुई है,जो भगवान राम के भक्तों की आस्था के साथ बड़ा विश्वासघात है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के नेतृत्व में पहले भूमि खरीद में अनियमितताएं हुईं,जिसमें 3 करोड़ रुपये की जमीन को 24 करोड़ रुपये में खरीदे जाने का मामला सामने आया था। अब मंदिर में चढ़ावे के धन और आभूषणों में कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर आने वाले चढ़ावे में भ्रष्टाचार होना अत्यंत गंभीर विषय है। सांसद ने दावा किया कि इस मामले से जुड़े कुछ लोग,जो पहले साधारण जीवन व्यतीत करते थे,आज करोड़ों रुपये की संपत्ति के मालिक बन गए हैं और आलीशान मकानों में रह रहे हैं। संजय सिंह ने कहा कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं,बल्कि करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। गौरतलब है कि सांसद संजय सिंह एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वाराणसी आए थे,जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बयान दिया।