
हलियापुर के उमरा गांव में मामूली झगड़ा बना जानलेवा, इलाज के दौरान 37 वर्षीय युवक की मौत, दोनों आरोपी गिरफ्तार
सुलतानपुर हलियापुर थाना क्षेत्र के उमरा गांव में लकड़ी की एक झालरी खून की प्यासी बन गई। मामूली विवाद में दबंगों ने युवक पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इलाज के दौरान घायल विजय कुमार अग्रहरी की मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में तनाव पसर गया है।
क्या है पूरा मामला
मृतक के भाई अयोध्या प्रसाद की तहरीर के मुताबिक, 29 अप्रैल को आई आंधी में पड़ोसी शिवकुमार तिवारी का नीम का पेड़ उनके घर पर गिर गया था। बाद में पेड़ ठेकेदार को बेच दिया गया। छह मई को ठेकेदार द्वारा दी गई लकड़ी की झालरी को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
कुल्हाड़ी-लाठी से किया हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान शिवकुमार तिवारी और पुतन तिवारी लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे और 37 वर्षीय विजय कुमार अग्रहरी पुत्र स्व. राम मनोहर पर जानलेवा हमला कर दिया। लहूलुहान विजय को परिजन पहले सौ शैय्या अस्पताल पिठला कुमारगंज ले गए। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने अयोध्या रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर शिवकुमार तिवारी और पुतन तिवारी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।