ध्रुव बेदी के सितार पर गुंजा ‘छाप तिलक सब छीनी मोसे…
संस्कृति विभाग भातखंडे वि. वि. एवं स्पिक मैके की ओर से डॉ घनश्याम सिंह महाविद्यालय में ध्रुव बेदी का सितार वादन।

वाराणसी। संस्कृति विभाग (उ.प्र) भातखंडे वि.वि. एवं स्पिक मैके के संयुक्त तत्वाधान में युवा सितार वादक ध्रुव बेदी का सितार वादन मंगलवार को सोयेपुर स्थित डॉ घनश्याम सिंह महाविद्यालय में किया गया। जहां उन्होने विद्यार्थियों को एकाग्रता के लिये ध्यान लगाया तत्पश्चात दोपहर के रागों पर सितार वादन की शुरुआत आलाप जोड़ झाला के साथ की। विलंबित और तीन ताल में द्रुत बंदिश पर छात्र छात्राओं ने खूब तालियां बजायी। उन्होंने जब सितार की पारम्परिक धुनों में सूफ़ी कव्वाली छाप तिलक सब छीनी मोसे नैना मिलायके… को पंडित कुबेर नाथ मिश्र के तबले के संगत के साथ फ्यूजन का रूप दिया तो सभी ने तालियों की गूंज सितार की धुनों के साथ सभागार में गूंजती रही। छात्राओं ने ध्रुव बेदी के गुरु एवं घराने से संबंधित प्रश्न भी पूछे।

कार्यक्रम के अंत में कलाकारों का स्वागत प्रबंधक नागेश्वर सिंह एवं सम्मान महाविद्यालय प्रशासक संजीव सिंह एवं धीरज सिंह ने किया। संचालन कृतिका एवं प्रतिमा ने किया। स्पिक मैके के मीडिया प्रभारी पवन सिंह ने स्पिक मैके द्वारा एवं हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत से जुड़ने हेतु युवाओं को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आनंद सिंह, डॉ रचना पाण्डेय, डॉ विपुल शुक्ला, डॉ डीबी सिंह, डॉ विवेकानंद पाण्डेय, डॉ नैंसी श्रीवास्तव सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।