
सुल्तानपुर कलेक्ट्रेट में बुधवार दोपहर एक होमगार्ड डाक लेकर आया था, जहां वह अचानक चक्कर खाकर गिर गया। उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जवान की पहचान अहिरौली मलिकपुर निवासी 50 वर्षीय शिव मूर्ति यादव के रूप में हुई है। वह एसपी कार्यालय के वाचक कार्यालय में तैनात थे। बुधवार को वह सरकारी डाक लेकर कलेक्ट्रेट स्थित असलहा बाबू के कार्यालय आए थे।
कलेक्ट्रेट से निकलते समय शिव मूर्ति यादव एकाएक चक्कर खाकर गिर पड़े। उन्हें गिरता देख कलेक्ट्रेट के कर्मचारी और साथी होमगार्ड तुरंत मदद के लिए दौड़े। बिना देरी किए, सभी उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी ले गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शिव मूर्ति को ‘ब्रॉड डेड’ घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।होमगार्ड शिव मूर्ति की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। लोग जहां हीटवेव या हार्ट अटैक की आशंका जता रहे हैं, वहीं कुछ लोग शुगर हाई होने को भी वजह मान रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।जिला कमांडेंट होमगार्ड (A2DC) सैयद हुसैन अब्बास ने बताया कि शिव मूर्ति यादव इस महीने से एसपी साहब के वाचक कार्यालय में ड्यूटी कर रहे थे। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए इसे विभाग के लिए बड़ी क्षति बताया। शिव मूर्ति यादव 2001 से नौकरी कर रहे थे। उनके परिवार में 70 वर्षीय मां समारी देवी, पत्नी विजय लक्ष्मी और तीन बेटे दीपक यादव, यशदीप यादव और मोनू यादव हैं। उनके दो बेटे परिवार के साथ नोएडा में रहते हैं।