
वाराणसी। आगामी विधान परिषद चुनाव की तैयारियों के क्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव के वाराणसी आगमन पर समाजवादी अल्पसंख्यक सभा महानगर इकाई की ओर से आलमपुरा स्थित आवास पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के महानगर उपाध्यक्ष इम्तियाज़ अहमद अंसारी के आवास पर किया गया। अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार केवल अपने पूंजीपति मित्रों के हित में कार्य कर रही है तथा आम जनता को धर्म और जाति के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा मोहम्मद हैदर गुड्डू ने कहा कि बंगाल चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर अल्पसंख्यकों के वोट काटे गए हैं, जिन्हें पुनः जुड़वाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। पूर्व महानगर महासचिव लालू यादव ने कहा कि पुलिस का कार्य कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। वहीं पूर्व पार्षद एवं पूर्व दक्षिणी विधानसभा अध्यक्ष शमीम अंसारी ने बूथ प्रबंधन को मजबूत करने तथा बड़ी संख्या में छूटे हुए नए मतदाताओं को जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर संगठन विस्तार करते हुए मोहम्मद हैदर गुड्डू ने फैसल अहमद को महानगर सचिव मनोनीत किया। साथ ही पूर्व AIMIM यूथ दक्षिणी विधानसभा अध्यक्ष शादाब कौशर ने नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव की उपस्थिति में AIMIM छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ बुनकर नेता मन्नू अंसारी ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रूबी खान,अब्दुल कलाम आज़ाद,अज़फर गुड्डू मास्टर,जैनुल आबदीन बद्दू,वसीम अब्बास,शमशीर आलम मंसूरी,नूरूलऐन,सैफ अहमद,महबूब अली बबलू, शकील अंसारी, सरदार महतो सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।