
वाराणसी- लोक चेतना समिति मुख्य कार्यालय, चिरईगाँव वाराणसी के प्रांगण में माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर एक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 15 ग्राम पंचायतों से आई सैकड़ों किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को माहवारी स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई, पोषण, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों एवं माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के माध्यम से किशोरियों में माहवारी को लेकर सकारात्मक सोच विकसित करने तथा झिझक और भेदभाव को समाप्त करने पर विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम में किशोरी संगठन की शिवांगी, एकता, निधि, अनु, नैना, रागनी आदि बालिकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा अन्य किशोरियों को भी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षकों एवं संगठन के सदस्यों द्वारा सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी प्रबंधन, सैनिटरी पैड के सही उपयोग तथा नियमित स्वास्थ्य देखभाल के महत्व पर चर्चा की गई।कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में माहवारी को लेकर फैली गलत धारणाओं को दूर करना रहा। अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने गांवों में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। साथ ही मुख्य ट्रेनर के रूप रंजू (LCS. संस्था कि निर्देशिका ) और पूनम ( LCS. जिला संयोजक ) तथा संस्था से रवि, संतोष,माला,पूजा,साधना,ममता आदि मौजूद रहे।