
वाराणसी। सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित संकल्प संस्था द्वारा संचालित संकल्प अन्न क्षेत्र के तत्वाधान में शनिवार को चौक स्थित कन्हैया लाल गुलाल चंद सर्राफ के सामने खिचड़ी प्रसाद वितरण एवं शीतल जल सेवा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, राहगीरों, श्रमिकों एवं जरूरतमंद लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर संस्था के सेवा कार्य का लाभ प्राप्त किया।
गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए संस्था के सदस्यों ने पूरे उत्साह और सेवा भाव से लोगों को खिचड़ी प्रसाद के साथ शीतल जल उपलब्ध कराया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संस्था की इस नियमित जनसेवा की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री संकटमोचन हनुमान जी को भोग अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत प्रसाद वितरण प्रारंभ हुआ। जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों की उपस्थिति बनी रही और सेवा कार्य चलता रहा।
संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने कहा कि “सेवा ही सनातन संस्कृति का मूल आधार है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग और सम्मान पहुंचाना ही हमारे सेवा कार्यों का उद्देश्य है। मानव सेवा के माध्यम से ही भक्ति और सामाजिक दायित्व दोनों का निर्वहन संभव है।”
इस आयोजन को सफल बनाने में राजेश अग्रवाल, विजय अग्रवाल, श्रीमती मृदुला रानी अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। श्रीमती मृदुला रानी अग्रवाल ने कहा कि “अप्रैल 2022 से प्रत्येक शनिवार संचालित हो रहा यह सेवा अभियान आज 219 से अधिक सप्ताह पूरे कर चुका है। निरंतर जनसेवा के इस क्रम में समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग और आशीर्वाद हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।”

इस अवसर पर संकल्प संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन, गिरधर दास अग्रवाल (मद्रास क्लॉथ सेंटर), संतोष अग्रवाल (कर्णघंटा), श्रीमती रमन लता अग्रवाल, शिवकुमार अग्रवाल, संजय अग्रवाल (गिरिराज), राजेंद्र अग्रवाल (माड़ी वाले), लल्लन चुरमुरा, अमित श्रीवास्तव, प्रमोद, रितिक, भैयालाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।