चौक क्षेत्र में पैदल गश्त कर आमजन से किया संवाद

सुलतानपुर। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और पुलिस बल में अनुशासन व शारीरिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड पर साप्ताहिक परेड आयोजित की गई। परेड की सलामी एसपी चारू निगम ने ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी,टर्नआउट और शस्त्रों के रख-रखाव की बारीकी से जांच की।एसपी ने टोलीवार ड्रिल का अवलोकन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों का उत्साहवर्धन किया,वहीं कमियों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परेड के उपरांत पुलिस लाइन परिसर स्थित विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कर रिस्पॉन्स टाइम बेहतर करने और घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन के लिए फील्ड यूनिट को अत्याधुनिक उपकरणों के साथ तत्पर रहने के निर्देश दिए गए। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मानव तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।जवानों के कल्याण को लेकर मैस में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। निरीक्षण के अंत में क्वार्टर गार्ड में अर्दली रूम कर लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण, रजिस्टरों के अद्यतन और परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत चौक इलाके में थाना प्रभारी व पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। गश्त के दौरान सुरक्षा व्यवस्था,यातायात और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का जायजा लिया गया। आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए गए।
