
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर पनियार गांव में अमित सिंह की हत्या के बाद सोमवार को हालात तनावपूर्ण बने रहे। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों ने अंतिम संस्कार से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं देगा,तब तक दाह संस्कार नहीं किया जाएगा।सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी,क्षेत्राधिकारी व भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घंटों चली समझाइश के बावजूद परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में नायब तहसीलदार अभय राजपाल मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई अजीत सिंह और समाजसेवी प्रदीप कुमार उर्फ दीपू सिंह ने आवास,बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था,आर्थिक सहायता और फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग रखी।अधिकारियों द्वारा हर संभव मदद का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। इसके बाद धोपाप घाट पर अमित सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।