
वाराणसी। आम आदमी पार्टी आप के जिला वाराणसी इकाई के कार्यकर्ताओं ने कचहरी स्थित अंबेडकर पार्क के पास पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल वरिष्ठ नेता मनीष शिशोदिया सहित अन्य आरोपियों को कथित शराब घोटाला मामले में अदालत से राहत मिलने पर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई तथा ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकालकर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आम आदमी पार्टी के नेताओं को बदनाम करने के उद्देश्य से झूठे मामले दर्ज किए गए थे। उन्होंने इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई बताया।कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह ने कहा कि अदालत का निर्णय सत्य की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दुरुपयोग के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है। प्रदेश महिला महासचिव रेखा जायसवाल एवं वरिष्ठ नेता देवकांत वर्मा ने भी अपने संबोधन में कहा कि अदालत के फैसले से पार्टी के नेताओं पर लगाए गए आरोपों पर सवाल खड़े हुए हैं और इससे पार्टी की छवि को मजबूती मिली है। इस अवसर पर अब्दुल्ला खान,घनश्याम पांडे,अर्चना श्रीवास्तव,शारदा टंडन,अखिलेश पांडे,प्रमोद श्रीवास्तव,प्रिया पटेल,निलेश सिंह,अमर सिंह पटेल,मोहिनी महेंद्रु,गुलाब सिंह राठौड़,सरोज शर्मा,अरविंद यादव और इमरान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
