
श्री अग्रसेन कन्या पी.जी. कॉलेज, वाराणसी में दिनांक 28.03.2026 को इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल (IIC) के अंतर्गत छात्राओं द्वारा “एक विचार– अनेक उत्पाद” विषय पर एक नवाचार आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मक सोच, नवाचार एवं उद्यमिता कौशल का विकास करना था।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए किया गया। इस अवसर पर सहायक प्रबंधक डॉ रुबी शाह ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की, साथ ही यह भी कहा कि नवाचार ही वर्तमान समय की आवश्यकता है। इससे छात्राओं को विभिन्न रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे ।प्राचार्य प्रो मिथिलेश सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने को प्रेरित करती हैं तथा उनके अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। साथ ही उन्होंने छात्राओं को नवाचार से संबंधित अनेक सुझाव भी दिए। प्रदर्शनी में छात्राओं ने कम लागत में न्यूट्री मिक्स तैयार करना एवं घरेलू वेस्ट से उपयोगी वस्तुएं बनाना विषयों पर अपने अभिनव उत्पाद प्रस्तुत किए। इसमें हेल्दी खाद्य पदार्थ, पौष्टिक न्यूट्री-मिक्स तथा घरेलू अपशिष्ट से तैयार सजावटी एवं उपयोगी वस्तुएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इस अवसर पर गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो अनीता सिंह ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कम संसाधनों में उपयोगी उत्पाद तैयार करना न केवल रचनात्मकता को दर्शाता है, बल्कि भविष्य में स्वरोजगार के नए अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि गृह विज्ञान के माध्यम से छात्राएं समाज एवं परिवार के स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।प्रदर्शनी के दौरान छात्राओं ने अपने उत्पादों की उपयोगिता, निर्माण प्रक्रिया एवं लागत के बारे में विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम का संयोजन IIC की समन्वयक डॉ अंजली त्यागी द्वारा किया गया उनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने नवाचारों का प्रभावी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में IIC की सदस्य डॉ प्रिया सिंह एवं श्रीमती दिव्या पाल, डॉ सीमा अस्थाना एवं प्रयोगशाला सहायक श्रीमती माधुरी यादव तथा छात्राएं उपस्थित रही।