
वाराणसी। पूज्य सिंधी सेंट्रल पंच के तत्वाधान में मेला कमेटी द्वारा महमूरगंज स्थित चौरसिया लॉन में रविवार को भव्य सिंधी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिंधी समाज के आराध्य देव झूलेलाल साईं के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ,जिससे पूरे वातावरण में श्रद्धा और उत्साह का संचार हुआ। संस्था के संरक्षक एस. कुमार सुखवानी एवं व्यापारिमल नैनवानी ने उपस्थित जनसमूह को संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों से अवगत कराया। वहीं मेला कमेटी के चेयरमैन कुमार सचदेवा ने आगामी मेले एवं उससे जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा सिंधियत,देशभक्ति और प्रेरणादायक विषयों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां एवं गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विशेष आकर्षण के रूप में मुंबई से आए “जूनियर गोविंदा” ने अपने शानदार डांस परफॉर्मेंस से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में दयाशंकर मिश्र (दयालु),कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव,पूर्व मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी,शरद शर्मा,सुरेश सिंह,अनिल श्रीवास्तव,मनीष सिंह,अतुल श्रीवास्तव,विनय राय “बब्बू”,अंबरीश सिंह भोला (मानद सदस्य,विकास प्राधिकरण) एवं अजय सिंह (अध्यक्ष,हिन्दू युवा वाहिनी) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सिंधी पारंपरिक पकवानों एवं नाश्ते की विशेष व्यवस्था की गई,वहीं समापन के पश्चात सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के लिए भव्य भोजन का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन चेयरमैन रवि सेहता एवं सुश्री प्रिया ज्ञानचन्दानी द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य संयोजक भरत बदलानी,विजय वाधवानी,विनय सचदेवा सहित पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा। यह सांस्कृतिक संध्या न केवल सिंधी परंपराओं के संरक्षण का माध्यम बनी,बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का भी प्रेरणादायक संदेश दे गई।
