वाराणसी में माध्यमिक शिक्षक संघ का धरना,शिक्षकों की समस्याओं को लेकर डीआईओएस को सौंपा ज्ञापन।

वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ,जिला कार्यकारिणी वाराणसी द्वारा 10 अप्रैल 2026 को जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस),वाराणसी को शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रस्तुत किया गया, जिसमें शिक्षकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने ग्रीष्मावकाश के दौरान शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसे अनुचित बताया है। संगठन ने मांग की है कि यदि शिक्षकों से यह कार्य कराया जाता है,तो इसके बदले उन्हें अर्जित अवकाश प्रदान किया जाए। इसके अतिरिक्त,राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एन.पी.एस.) की कटौती को अद्यतन करने तथा एन.पी.एस. से ओ.पी.एस. में शामिल हुए शिक्षकों के अंशदान को जी.पी.एफ. में अपडेट किए जाने की भी मांग की गई। ज्ञापन में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों से 20 अप्रैल 2026 से पूर्व विकल्प पत्र भरवाने,तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने तथा लंबित चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान के मामलों का निस्तारण करने की बात कही गई। साथ ही बोर्ड परीक्षा में कार्यरत कर्मचारियों के पारिश्रमिक भुगतान को भी जल्द सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। संघ ने कुछ शिक्षकों के निलंबन अवधि के अर्धवेतन के शेष एरियर के भुगतान की मांग करते हुए अविलंब कार्रवाई की अपेक्षा जताई। इसके अलावा 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुए प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर वरिष्ठता के आधार पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य प्रधानाध्यापक की नियुक्ति किए जाने की भी मांग रखी गई। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया,तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह, जिलामंत्री अरविंद कुमार, जिलाकोषाध्यक्ष विन्ध्य प्रकाश पाण्डेय,जिला संगठन मंत्री राजीव कुमार सिंह तथा जिला मीडिया प्रभारी अवधेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related News

7775078405805895489

Lates Post

63
Poll

भारत का अगला प्रधानमंत्री कौन होगा?

Scroll to Top