
वाराणसी। वाराणसी में आयोजित ‘गुड़िया एवं खिलौना’ कार्यशाला और पैकेजिंग वितरण कार्यक्रम स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है। एमएसएमई विकास कार्यालय द्वारा भारतीय पैकेजिंग संस्थान के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का फोकस केवल प्रशिक्षण नहीं,बल्कि बाज़ार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने पर भी था।कार्यक्रम की सबसे अहम बात यह रही कि इसमें कारीगरों को आधुनिक पैकेजिंग तकनीकों के महत्व से अवगत कराया गया। आज के समय में उत्पाद की गुणवत्ता जितनी जरूरी है, उतनी ही उसकी प्रस्तुति भीऔर पैकेजिंग उसी का मुख्य माध्यम है। बेहतर पैकेजिंग न केवल उत्पाद को सुरक्षित रखती है,बल्कि ग्राहकों को आकर्षित करने में भी बड़ी भूमिका निभाती है। सरकार की ओर से खिलौना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही योजनाओं—खासकर प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना—का भी जिक्र किया गया। इस योजना के 200 से अधिक लाभार्थियों की भागीदारी यह दिखाती है कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की ज़मीनी स्तर पर मांग और उपयोगिता दोनों हैं। तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने पैकेजिंग के नए तरीकों,डिज़ाइन और बाज़ार की जरूरतों के अनुसार उत्पाद तैयार करने की जानकारी दी। इससे कारीगरों को न सिर्फ अपने उत्पाद बेहतर बनाने में मदद मिलेगी,बल्कि उन्हें बड़े बाजारों तक पहुंचने का मौका भी मिल सकता है।कुल मिलाकर,यह पहल स्थानीय हस्तशिल्प और खिलौना उद्योग को नई दिशा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।