
वाराणसी, 18 अप्रैल नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय महिलाओं के स्वातंत्र्य और समानता के लिए एक मील का पत्थर है, जो आज मूर्त रूप लेने जा रहा है।” उक्त विचार जिला भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री रेखा सिंह चौहान ने व्यक्त किये। परेड कोठी स्थित होटल वेलोरा इन के सभागार में डॉ. शम्भुनाथ सिंह रिसर्च फाउंडेशन द्वारा आयोजित “नारी शक्ति वंदन अधिनियम जागरूकता एवं नीति निर्माण में भागीदारी व नेतृत्व विकास” विषयक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों की इच्छा शक्ति की अभाव के कारण यह बिल संसद के पटल पर धूल फांकता रहा, जिसे माननीय प्रधानमंत्री जी ने सबका साथ सबका विकास के अपने ध्येय वाक्य को चरितार्थ करते हुए अंजाम तक पहुंचाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं मानवाधिकार अधिवक्ता एडवोकेट विजयश्री सिंह ने कहा कि संसद में वर्षों से लटका यह अधिनियम, जो आज मूर्त रूप लेने जा रहा है, वह सही मायनो में लोकतंत्र की असल पहचान है। महिलाओं को उनके हक सम्मान और समानता का अधिकार अब जाकर मिला है। इसके लिए माननीय प्रधानमंत्री जी का आभार है। प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत और विषय प्रवर्तन करते हुए फाउंडेशन की निदेशक तथा एक राष्ट्र एक चुनाव अभियान की जिला संयोजिका डॉ. रोली सिंह ने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम जागरूकता की संयोजक तथा प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास व पोषाहार मंत्री श्रीमती बेबीरानी मौर्य की प्रेरणा से आज इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, इसका उद्देश्य महिलाओं व किशोरियों के बीच इस अधिनियम के प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने के साथ-साथ उनके नेतृत्व क्षमता का विकास भी करना है।
मुख्य वक्ता के रूप में सार्क संस्था के सचिव रंजना गौड़ ने इस अधिनियम की जानकारी के अलावा लैंगिक भेदभाव, समानता व भागीदारी से संबंधित चुनौतियां एवं उनसे निपटने के उपायों पर प्रतिभागियों से विमर्श किया।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की जिला कार्यालय प्रभारी सोनिया जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य का आभार प्रकट करते हुए कहा कि देश की आधी आबादी से उन्होंने जो वादा किया था, उसे आज पूरा किया जा रहा है।
गोष्ठी को वरिष्ठ नारीवादी कार्यकर्ता और जनमित्र न्यास की मुख्य न्यासी श्रुति नागवंशी, दलित अधिकार कार्यकर्ता डॉ. लेनिन रघुवंशी, जिला महिला व्यापार मंडल की महामंत्री रीता बहल, भारतीय जीवन बीमा निगम की अधिकारी सुधा त्रिपाठी, सुभाष नगर कॉलोनी रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष विनीता शर्मा, मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान की रितिका और धर्मेंद्र, वरिष्ठ कवि एवं पत्रकार विजय चंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ महिला पत्रकार दीपिका भट्टाचार्य तिवारी ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल से रोडवेज तिराहे तक एक जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व संस्था की किशोरी समूह की संयोजिकाओं ज्योति पांडे एवं श्रीतिमा राय ने किया।
प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत राजश्री एवं धन्यवाद ज्ञापन दीक्षा सिंह ने किया। कार्यक्रम का संयोजन रश्मि एवं आकांक्षा ने किया। इस अवसर पर संस्था के कार्यक्षेत्र की किशोरियों के अलावा संस्था के शशांक, प्रेम सागर, अमरजीत, सुरेश, विकास, अनिकेत, रोहित, प्रीति, आंचल, अंजलि, अदिति, वंशिता और राजेश आदि उपस्थित थे।