महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी के निर्देशानुसार महानगर युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, विधि प्रकोष्ठ एवं कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा वाराणसी के विभिन्न थानों में तहरीर देकर दोषी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई।

महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में लंका थाना पर तहरीर सौंपी गई। वहीं महानगर उपाध्यक्ष सतनाम सिंह द्वारा रामनगर थाने पर, महानगर उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता द्वारा कोतवाली थाने पर, कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ द्वारा कैन्ट थाने पर तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती अनुराधा यादव एवं महानगर उपाध्यक्ष वकील अंसारी द्वारा मंडुवाडीह थाने पर तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई।
महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज पूरी तरह लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधानिक मर्यादाओं को कुचलने का कार्य कर रही है। नेता प्रतिपक्ष आदरणीय राहुल गांधी एवं प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ जिस प्रकार लगातार अपमानजनक और अशोभनीय गतिविधियां की जा रही हैं, वह बेहद निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी ने आज वाराणसी के विभिन्न थानों में तहरीर देकर प्रशासन से मांग की है कि दोषी भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन इस प्रकार की अभद्र राजनीति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती।भाजपा जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष के खिलाफ नफरत और अपमान की राजनीति कर रही है, जिसे देश की जनता समझ चुकी है।
महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एक संवैधानिक पद पर आसीन हैं, उसी प्रकार नेता प्रतिपक्ष आदरणीय राहुल गांधी भी एक संवैधानिक पद पर हैं। वहीं अजय राय जी उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। ऐसे जिम्मेदार नेताओं के खिलाफ द्वारा लगातार पुतला फूंकना, प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालना, बीएचयू जाकर पर्ची कटवाकर उन्हें रोगी करार देना जैसी हरकतें पूरी तरह अनैतिक, अशोभनीय एवं लोकतंत्र विरोधी मानसिकता को दर्शाती हैं।भारतीय संविधान सभी राजनीतिक दलों और नेताओं को सम्मानपूर्वक अपनी बात रखने का अधिकार देता है, लेकिन भाजपा विपक्ष की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। यह केवल कांग्रेस नेताओं का अपमान नहीं बल्कि संविधानिक मूल्यों एवं लोकतांत्रिक परंपराओं पर सीधा हमला है। यदि प्रशासन द्वारा दोषी भाजपा जनों पर निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई नहीं की जाती है तो युवा कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा। कांग्रेस पार्टी अन्याय और तानाशाही के खिलाफ हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

इस मौके पर विभिन्न थाने पर , महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा , अनुराधा यादव , सतनाम सिंह ,वकील अंसारी , राजेश गुप्ता ,ओम शुक्ला , धीरज सोनकर , आयुष पटेल , संतोष सिंह , आजाद दुबे आदि लोग उपस्थिति रहे।