
सुलतानपुर। बल्दीराय तहसील दिवस में छोटे बच्चे के साथ ड्यूटी कर रही महिला कांस्टेबल के प्रति जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की संवेदनशीलता की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने भी मानवीय दृष्टिकोण का परिचय देते हुए महिला आरक्षी को उनके पति के कार्यस्थल पर तैनाती देकर एक सकारात्मक संदेश दिया है।शनिवार को बल्दीराय तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान महिला कांस्टेबल कल्पना चौरसिया अपने छोटे बच्चे के साथ ड्यूटी कर रही थीं। निरीक्षण के दौरान जब जिलाधिकारी की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने बच्चे की देखभाल की जरूरत को समझते हुए महिला कांस्टेबल को घर जाने की अनुमति दे दी। डीएम के इस व्यवहार की अधिकारियों,कर्मचारियों और फरियादियों के बीच खूब सराहना हुई।इसके अगले ही दिन रविवार को पुलिस अधीक्षक चारू निगम द्वारा जारी स्थानांतरण सूची में महिला कांस्टेबल कल्पना चौरसिया को जयसिंहपुर थाने में तैनाती दे दी गई। संयोग नहीं,बल्कि संवेदनशील प्रशासनिक सोच का उदाहरण माने जा रहे इस फैसले की खास बात यह है कि उनके पति आरक्षी कृष्ण कुमार पहले से ही जयसिंहपुर थाने में तैनात हैं।पुलिस महकमे में इस निर्णय को परिवार और नौकरी के बीच संतुलन बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।महिला आरक्षी और उनके पति ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें पारिवारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में काफी सहूलियत मिलेगी प्रशासन और पुलिस विभाग के इस मानवीय रवैये की जिले भर में चर्चा है।